जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत राजनगर विकासखंड के ग्राम बराखेरा में जल चौपाल का आयोजन

माइन्ड न्यूज़ छतरपुर। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत राजनगर विकासखंड के ग्राम बराखेरा में जल चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों को जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। जिला कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक आशीष ताम्रकार एवं राजनगर ब्लॉक समन्वयक मनीष शर्मा की उपस्थिति में नवांकुर संस्था माइन्ड इम्पॉवरिंग सोशल फाउंडेशन द्वारा बब्बा जू की कुटी हनुमान मंदिर परिसर में कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत पवन पुत्र केशरी नंदन की आरती, सुंदरकांड पाठ और भारत माता पूजन के साथ हुई। इस दौरान जल मित्र एवं समाजसेवियों का सम्मान किया गया तथा ग्रामीणों को जल संरक्षण, स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई।जिला समन्वयक आशीष ताम्रकार ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को जल संकट से बचाने के लिए हमें अभी से जल स्रोतों का संरक्षण करना होगा। कुओं, हैंडपंप और अन्य जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखना और जल का सदुपयोग करना हम सभी की जिम्मेदारी है। ब्लॉक समन्वयक मनीष शर्मा ने वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों की सुरक्षा और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से जल संरक्षण के उपाय बताए।

जल चौपाल के माध्यम से उपस्थित ग्रामीणों ने जल संरक्षण और जल स्रोतों की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक समरसता के साथ प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच नारायण दास पटेल, वरिष्ठ नागरिक राममिलन रिछारिया, भगवत सिंह यादव, भगवानदीन पटेल (बारे),सतीश तिवारी, घनश्याम सेन समाजसेवी एवं नवांकुर प्रतिनिधि मनीष खटीक, परामर्शदाता जलज जैन, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष श्रीनिवास पटेल, पुष्पेंद्र पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
