राजनगर में राजस्व समस्या समाधान शिविर आयोजित, ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश

vijay98
2 Min Read

माइन्ड न्यूज़ छतरपुर। जिले में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देश पर राजनगर एसडीएम श्रीमती निशा माधवानी ने राजनगर विकासखंड की ग्राम पंचायत खजवा स्थित चौड़ाखैरा धाम में राजस्व समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। राजनगर तहसील अंतर्गत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और कई समस्याओं का तत्काल निराकरण किया गया, जबकि शेष के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों द्वारा पेयजल की समस्या प्रमुखता से उठाई गई, जिस पर एसडीएम श्रीमती माधवानी ने नल-जल योजना से जुड़ी खामियों को एक सप्ताह के भीतर दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही जल जीवन निगम विभाग को टूटी पाइपलाइन को शीघ्र सुधारने के निर्देश भी दिए गए। शिविर के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों और शासकीय स्कूल भवनों की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी सामने आया। इस पर वर्षा ऋतु से पहले आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि बच्चों और ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके अतिरिक्त संबल योजना अंतर्गत दुर्घटनाओं में मृतक के परिजनों को अनुग्रह राशि गेहूं उपार्जन केंद्रों में आ रही समस्याओं की भी समीक्षा की गई और अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। एसडीएम श्रीमती माधवानी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रशासन सीधे जनता तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का निराकरण कर रहा है। इस अवसर पर राजनगर तहसीलदार धीरज गौतम ,जनपद पंचायत सीईओ राकेश शुक्ला, बीएमओ डॉ. अवधेश चतुर्वेदी, बीआरसी अतुल चतुर्वेदी सहित राजनगर विकासखंड के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link