छतरपुर में “आरोह 2026” ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 27 अप्रैल से

vijay98
2 Min Read

माइंड न्यूज़ छतरपुर। मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों और युवाओं के समय के सदुपयोग हेतु “आरोह 2026” ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन जिले में किया जा रहा है। यह शिविर 27 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 26 मई 2026 तक चलेगा।

इस संबंध में पुलिस लाइन छतरपुर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस अधीक्षक अगम जैन की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी राजेन्द्र कुमार कोष्टा ने शिविर की रूपरेखा और आयोजन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी।

बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि शिविर प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 8 बजे तक संचालित होगा। जिला स्तर पर यह प्रशिक्षण ऑफिसर्स क्लब एवं पं. बाबूराम चतुर्वेदी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जहां जूडो, मलखम्ब, फुटबॉल, बास्केटबॉल और एथलेटिक्स जैसे खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शिविर में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु 8 वर्ष से 18 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है। इसके साथ ही विकासखण्ड स्तर पर भी जिले के राजनगर, नौगांव, बक्स्वाहा, बड़ामलहरा, गौरिहार, बिजावर और लवकुशनगर में स्थानीय खेल मैदानों पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में प्रशिक्षकों और युवा समन्वयकों के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

आवेदन प्रक्रिया
इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित स्थान और समय पर निःशुल्क आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन के साथ जन्मतिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति एवं पासपोर्ट साइज की दो फोटो अनिवार्य होंगी।

अधिक जानकारी के लिए जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय, पुलिस लाइन परिसर, शहीद स्मारक के पीछे (एनजीओ-8), छतरपुर में संपर्क किया जा सकता है।

बैठक में विभिन्न खेल प्रशिक्षकों, युवा समन्वयकों एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति रही।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share via
Copy link