कमिश्नर ने नगरीय क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी नगरों में नागरिकों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए और पेयजल की स्थिति की नियमित जानकारी निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराई जाए।

माइन्ड न्यूज़ |सागर संभाग के कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है और इसका लाभ जरूरतमंद आवासहीन परिवारों तक प्राथमिकता के साथ पहुंचाया जाना चाहिए। नगरीय प्रशासन विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अनुमोदित आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए। बैठक में दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़ और पन्ना जिलों में योजना की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित कलेक्टरों से दूरभाष पर चर्चा कर कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने नगरीय क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी नगरों में नागरिकों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए और पेयजल की स्थिति की नियमित जानकारी निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में पेयजल की कमी नहीं होनी चाहिए। साफ-सफाई व्यवस्था पर जोर देते हुए कमिश्नर ने सड़कों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों और बगीचों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर बल दिया। आगामी वर्षाकाल को देखते हुए कमिश्नर ने नगरीय क्षेत्रों में वृहद स्तर पर पौधरोपण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सार्वजनिक कुओं की सफाई और जल संरक्षण के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन ने बताया कि सागर में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत लगभग 390 कुओं की सफाई, नालों-नालियों और सीवर लाइनों की सफाई का कार्य किया जा रहा है। बैठक में अन्य नगरीय विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।
